बल्दीराय/सुलतानपुर,17 जनवरी (आरएनएस)। थाना बल्दीराय क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल जा रहे कक्षा 12 के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम भखरी निवासी बंशराज सिंह का पुत्र युवराज सिंह (17 वर्ष) शनिवार सुबह घर से डीएवी कॉलेज कुमारगंज पढऩे के लिए मोटरसाइकिल से निकला था। वह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सिंदुरापुर डीह सर्विस लेन से होकर जा रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रही आलू लदी पिकअप ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवराज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बल्दीराय पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष नारद मुनि सिंह ने बताया कि पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि युवराज सिंह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

