सुल्तानपुर,17 जनवरी (आरएनएस)। जिला विज्ञान क्लब सुल्तानपुर के तत्वावधान में सनबीम स्कूल सुल्तानपुर में अंधविश्वास के विरुद्ध वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और समाज में फैले अंधविश्वासों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ शरणजीत कौर, मुख्य अतिथि भूतपूर्व प्रधानाचार्य डॉ राधेश्याम सिंह एवं रिसोर्स पर्सन अंजलि ढाका द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। वक्ताओं ने विज्ञान को तर्क, सत्य और प्रगति का मार्ग बताते हुए अंधविश्वास से दूर रहने का संदेश दिया। अंजलि ढाका ने तथाकथित चमत्कारों की वैज्ञानिक व्याख्या प्रस्तुत की। इस अवसर पर पोस्टर, स्लोगन राइटिंग और वर्किंग मॉडल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंत में अतिथियों ने विद्यार्थियों की सराहना की और वैज्ञानिक सोच अपनाने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र चतुर्वेदी ने किया तथा प्रधानाचार्या ने सभी का आभार व्यक्त किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

