परिजनों ने उठाए सवाल
सुल्तानपुर,17 जनवरी (आरएनएस)। जिला कारागार में बंद अमेठी के एक युवक की शनिवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जेल प्रशासन ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है, जबकि परिजनों ने इस पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।मृतक की पहचान शैलेंद्र सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शैलेंद्र ने शुक्रवार शाम अपनी पत्नी से फोन पर बातचीत की थी और उस समय किसी तरह की तबीयत खराब होने की बात नहीं कही थी। शनिवार सुबह शैलेंद्र के रिश्ते के भाई आशीष सिंह को एसएचओ (धम्मौर) के माध्यम से मौत की सूचना दी गई।आशीष सिंह ने बताया कि जब उन्होंने मौत के कारण के बारे में पूछा तो उन्हें जेलर से जानकारी लेने को कहा गया। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि शैलेंद्र को मृत अवस्था में लाया गया था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उसकी मौत जेल के अंदर ही हुई। परिजनों के मुताबिक शैलेंद्र पिछले 10 महीनों से सुल्तानपुर जिला कारागार में बंद था। आशीष सिंह महीने में दो-तीन बार उससे मिलने जाते थे, जबकि उसकी पत्नी भी हफ्ते में दो दिन मुलाकात करती थी। परिजनों का दावा है कि शैलेंद्र पूरी तरह स्वस्थ था,उसे कोई बीमारी नहीं थी और वह हमेशा अपनी अच्छी सेहत की बात करता था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

