जौनपुर,17 जनवरी (आरएनएस)। जौनपुर में राष्ट्रवादी पार्टी ने शनिवार को जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जिले की विभिन्न क्षेत्रीय समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की गई है। पार्टी ने प्रशासन से इन मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया। ज्ञापन में पट्टीनरेन्द्रपुर बाजार में महिलाओं के लिए शौचालय की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पार्टी ने बताया कि प्रतिदिन 50 से अधिक गांवों के लोग इस बाजार में आते हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल होती हैं। शौचालय न होने से उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पडता है, इसलिए जनहित में सुलभ शौचालय की तत्काल आवश्यकता है। मछलीशहर तहसील के देवकली ग्रामसभा से मिश्राइनपट्टी स्थित भोलेनाथ मंदिर से पाल बस्ती तक लगभग 200 मीटर का रास्ता अभी तक नहीं बना है। इस कारण आपातकालीन स्थितियों में ग्रामीणों को एम्बुलेंस जैसी सुविधाओं से वंचित रहना पडता है। पार्टी ने इस सडक के निर्माण पर तत्काल ध्यान देने की मांग की है। जिले में नीलगाय की समस्या भी गंभीर बनी हुई है, जिससे हर साल किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। किसानों के हित में उचित व्यवस्था की मांग की गई है। इसके अतिरिक्त, सुजानगंज बाजार स्थित ग्राम तिलहुओं में नाले पर बनी अधूरी पुलिया का निर्माण कार्य पूरा करने की भी मांग की गई है। यह पुलिया ग्रामीणों के आवागमन का मुख्य मार्ग है। पार्टी ने बताया कि पिछले ज्ञापन में भी यह मुद्दा उठाया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ज्ञापन सौंपने वालों में राष्ट्रवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जितेंद्र चौहान, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष सुभद्रा सिंह, मीडिया प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संतोष पाल और मछलीशहर तहसील अध्यक्ष रितेश कुमार जैन सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

