बीपीएल परिवारों के लिए समर्पित व्हाट्सएप हेल्पलाइन की शुरुआत
# *राजधानी निकुंज, आई पी एक्सटेंशन, में व्यापक जनभागीदारी से सामुदायिक स्वास्थ्य सेवा पहल को मिली नई मजबूती
नई दिल्ली, 18 दिसंबर (आरएनएस)। ईस्ट दिल्ली बेस्ट दिल्ली फाउंडेशन ने अपने अध्यक्ष श्री सुमित सुनेजा के नेतृत्व में समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल की शुरुआत *राजधानी निकुंज* में की। इस अवसर पर बीपीएल कार्डधारक परिवारों के लिए समर्पित निःशुल्क दवा सहायता हेतु व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9217754140 लॉन्च किया गया। इस हेल्पलाइन का उद्देश्य उन गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक आवश्यक दवाइयाँ पहुँचाना है, जो आर्थिक कारणों से समय पर इलाज नहीं करा पाते। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चंदन कुमार (कम्युनिकेशन इंचार्ज, ट्रेनिंग डिपार्टमेंट, भाजपा मुख्यालय) एवं धीरज जी (प्रचार प्रमुख) उपस्थित रहे। वहीं, राजीव भार्गव (हेड ऑफ ऑफिस, ड्रग कंट्रोल विभाग, दिल्ली सरकार) तथा बी.एम. अग्रवाल (वरिष्ठ फार्मासिस्ट, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र) की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। अपने संबोधन में सुमित सुनेजा ने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में बीपीएल परिवार दवाइयों की ऊँची कीमतों के कारण उचित इलाज से वंचित रह जाते हैं, जिससे उनकी स्वास्थ्य समस्याएँ गंभीर रूप ले लेती हैं। इसी आवश्यकता को देखते हुए यह व्हाट्सएप हेल्पलाइन शुरू की गई है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को समय पर निःशुल्क दवा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों, सोसायटी अध्यक्षों एवं स्थानीय नागरिकों से हेल्पलाइन को अधिक प्रभावी बनाने हेतु सुझाव भी प्राप्त किए और सभी से अपील की कि वे 9217754140 नंबर को अपनी सोसायटी, मोहल्लों, कार्यस्थलों एवं जरूरतमंद परिवारों तक अवश्य पहुँचाएँ। फाउंडेशन ने यह भी घोषणा की कि इस हेल्पलाइन की जानकारी को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने के लिए केमिस्ट दुकानों, डॉक्टरों के क्लीनिकों तथा झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में जागरूकता पोस्टर लगाए जाएंगे। अंत में, ईस्ट दिल्ली बेस्ट दिल्ली फाउंडेशन ने स्वास्थ्य जागरूकता, निःशुल्क दवा सहायता एवं सामुदायिक कल्याण से जुड़ी गतिविधियों को और अधिक विस्तार देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा आरडब्ल्यूए, युवा संगठनों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे यह सुनिश्चित करें कि हेल्पलाइन नंबर 9217754140 प्रत्येक जरूरतमंद बीपीएल परिवार तक अवश्य पहुँचे।

