रुड़की,18 जनवरी (आरएनएस)। कस्बा निवासी एक विवाहिता के साथ व्हाट्सऐप के जरिए ऑनलाइन ठगी हो गई। पीडि़ता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि व्हाट्सऐप पर आए एक संदेश को खोलने के कुछ ही देर बाद उसके बैंक खाते से 1 लाख 82 हजार रुपये की रकम गायब हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तनु ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि जुलाई 2025 में उसके मोबाइल फोन पर व्हाट्सऐप के माध्यम से एक संदेश आया था। जब उसने उस संदेश को खोलकर देखा, तो कुछ समय बाद ही उसके बैंक खाते से 1.82 लाख रुपये की धनराशि कट गई। खाते से पैसे निकलने की जानकारी मिलते ही पीडि़ता के होश उड़ गए। इसके बाद उसने अपने परिजनों और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। पीडि़ता ने ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और बाद में थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में उसने अज्ञात साइबर ठगों द्वारा ऑनलाइन ठगी किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ऑनलाइन ठगी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। उपनिरीक्षक पुनीत दनोशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर ऑनलाइन ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

