रुड़की,18 जनवरी (आरएनएस)। लगातार पड़ रही ठंड के बाद रविवार को मौसम ने करवट ली। चटक धूप निकलने से लोगों को ठंड से बड़ी राहत मिली है। बाजारों में भी मौसम में सुधार होने से काफी रौनक देखने को मिली है। आईआईटी रुड़की की कृषि-मौसम वेधशाला दर्ज आंकड़ों के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम रहा। सुबह के समय हल्की ठंड बनी रही, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, धूप तेज होने से लोगों ने राहत की सांस ली। सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता 89 प्रतिशत रही, जो शाम तक घटकर 45 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की दिशा दक्षिण-पूर्वी रही, जिससे मौसम में हल्की गर्माहट महसूस की गई। मौसम में आए इस बदलाव का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दिया। ठंड के कारण घरों में कैद रहने वाले लोग धूप निकलते ही सड़कों, बाजारों और पार्कों में नजर आए। व्यापारिक गतिविधियों में भी तेजी देखने को मिली। बुजुर्गों और बच्चों ने धूप का आनंद लिया, वहीं किसानों ने मौसम को फसलों के लिए अनुकूल बताया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

