रुड़की,18 जनवरी (आरएनएस)। जेल के बाहर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा इन दिनों अवैध रूप से छोटे हाथी टेंपो का स्टैंड बना हुआ है। दिनभर सड़क किनारे अनेक टेंपो कतार में खड़े रहते हैं, जिससे हाईवे की चौड़ाई काफी हद तक कम हो गई है। इस कारण यहां से गुजरने वाले वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। आजाद नगर निवासी अमजद, शाकीर अली, रोहित कुमार का कहना है कि सुबह से लेकर देर शाम तक छोटे हाथी टेंपो सड़क किनारे खड़े रहते हैं। कई बार तो चालक बीच सड़क पर ही टेंपो मोड़कर जाते हैं, जिससे अचानक ब्रेक लगने और टकराव का खतरा बढ़ जाता है। हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के बीच इस तरह का अवैध स्टैंड किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। टेंपो के खड़े रहने से सड़क संकरी हो गई है, जिसके चलते पीक आवर्स में लंबा जाम लगना आम बात हो गई है। खासकर सुबह और शाम के समय हालात और भी बदतर हो जाते हैं। इससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सबसे ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ रही है। कई बार वाहन चालकों के बीच कहासुनी और झगड़े की स्थिति भी बन जाती है। स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों का आरोप है कि इस समस्या की शिकायत कई बार संबंधित विभागों से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। न तो यातायात पुलिस की ओर से नियमित चेकिंग की जा रही है और न ही नगर निगम इस ओर ध्यान दे रहा है। लोगों का कहना है कि जेल जैसे संवेदनशील स्थान के बाहर इस तरह की अव्यवस्था सुरक्षा के लिहाज से भी ठीक नहीं है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द यहां से टेंपो स्टैंड हटाया जाए और इनके लिए कोई वैकल्पिक स्थान चिन्हित किया जाए। साथ ही अवैध रूप से सड़क पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि हाईवे पर यातायात सुचारु हो सके। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल का कहना है कि इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

