रुड़की,18 जनवरी (आरएनएस)। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका सशक्तिकरण जनजागरण अभियान के अंतर्गत रुड़की नगर निगम सभागार में एक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा हो सकता है, जब गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा सशक्त होंगे। उन्होंने कहा कि यह जनजागरण अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का माध्यम बनेगा। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को इस अभियान से जोड़कर पात्र लाभार्थियों तक सीधा लाभ पहुंचाया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी की जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि यह अभियान संगठन और समाज के सामूहिक प्रयासों से ही सफल होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दें और अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने इसे ग्रामीण भारत के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला बताया। राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए ऐसे अभियानों की आवश्यकता है। उन्होंने महिलाओं, युवाओं और स्वयं सहायता समूहों को जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि कौशल विकास, लघु उद्योग और स्वरोजगार के माध्यम से रोजगार के नए अवसर तैयार किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम संयोजक संजय अरोड़ा ने किया। सह संयोजक सचिन झबरेडी और अनिल चौधरी ने अभियान की कार्ययोजना प्रस्तुत की। सम्मेलन में राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अनीश गौड़, जिला महामंत्री सागर गोयल, जिला उपाध्यक्ष भीम सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपाई मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

