रुड़की,18 जनवरी (आरएनएस)। 84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, रुड़की के अधीन कनिष्ठ स्कंध के कैडेटों के लिए ए-प्रमाण पत्र परीक्षा का आयोजन किया गया। रुड़की में आर्मी पब्लिक स्कूल-1 को परीक्षा केंद्र बनाया गया। जबकि इसके अतिरिक्त तुगलपुर, गुरुकुल नारसन और भगवानपुर में भी विभिन्न विद्यालयों में परीक्षा हुई। 661 एनसीसी कैडेट ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। परीक्षा का आयोजन कार्यवाहक कमान अधिकारी कर्नल अमन कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में हुआ। परीक्षा के प्रथम चरण में कैडेटों की शारीरिक दक्षता का परीक्षण किया गया। इसमें ड्रिल, अस्त्र प्रशिक्षण, मैदानी कौशल तथा मानचित्र पठन से संबंधित अभ्यास शामिल रहे। इसके उपरांत लिखित परीक्षा आयोजित कर कैडेटों की मानसिक क्षमता, विषय ज्ञान और अनुशासनबोध की भी जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा का उद्देश्य कैडेटों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को और सुदृढ़ करना है। रुड़की केंद्र पर सर्वाधिक 275 कैडेटों ने भाग लिया। यहां परीक्षा का संचालन परीक्षा प्रभारी प्रथम अधिकारी नीरज नौटियाल, कनिष्ठ स्कंध एनसीसी अधिकारी, आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर, रुड़की के निर्देशन में किया गया। एनसीसी अधिकारी कमल मिश्रा, सुनीता नौटियाल, रेणु देवी, पंकज बेंजवाल, अरुण कुमार, नीलिमा छेत्री और सचिन कौशिक ने अपने-अपने केंद्र की व्यवस्थाएं संभालीं। इस मौके पर सूबेदार सुनील कुमार, बटालियन हवलदार मेजर केशवानंद, हवलदार पूरन सिंह का सहयोग रहा। वहीं बटालियन के प्रशिक्षण प्रभारी रवि कपूर, अभ्यास एवं शिक्षा अधिकारी हवलदार धर्म सिंह, अभ्यास एवं शिक्षा अधिकारी संदीप बुड़ाकोटी तथा वाहन चालक अनुज गिरी का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

