रुड़की,18 जनवरी (आरएनएस)। सोलानीपुरम बिजलीघर से जुड़े इलाकों में रविवार को दूसरे दिन भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। ऊर्जा निगम की ओर से लाइन और ट्रांसफार्मर की मरम्मत के साथ-साथ तार बदलने का कार्य किया गया, जिसके चलते सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक लंबा शटडाउन लिया गया। करीब सात घंटे तक चली इस कटौती से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ऊर्जा निगम के शटडाउन से सोलानीपुरम और दुर्गा कॉलोनी फीडर से जुड़े सोलानीपुरम, खंजरपुर, केंद्रीय विद्यालय एक और दो के इलाके, अरोड़ा कॉलोनी, प्रेमकुंज, मीरा मार्किट आदि इलाकों में बिजली प्रभावित हुई। इन इलाकों में बिजली गुल रहने से लोग परेशान रहे। रविवार की छुट्टी होने के कारण अधिकांश लोग घरों में ही मौजूद थे। बच्चे भी स्कूल न होने के कारण घर पर थे, लेकिन बिजली न होने से पढ़ाई, मोबाइल, टीवी और अन्य घरेलू कार्य प्रभावित रहे। गृहणियों को भी कामकाज निपटाने के लिए परेशानी उठानी पड़ी। सबसे ज्यादा असर छोटे कारोबारियों पर पड़ा। दुकानदारों का कहना है कि रविवार को अपेक्षाकृत ज्यादा ग्राहक आते हैं, लेकिन बिजली न होने से न तो इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चल पाए और न ही बिजली के उपकरण ग्राहकों को चलाकर दिखा सके। इससे बिक्री पर सीधा असर पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि मरम्मत कार्य जरूरी है, लेकिन इसके लिए पूरे दिन का शटडाउन लेना सही नहीं है। लोगों ने सुझाव दिया कि आधे दिन या चरणबद्ध तरीके से शटडाउन लिया जाए, ताकि जनजीवन और कारोबार पर कम असर पड़े। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि रविवार को क्षेत्र में बिजली संबंधित कार्य कराना प्र्रस्तावित था। इसके लिए उपभोक्ताओं को पहले ही सूचना दे दी थी। भविष्य में प्रयास किया जाएगा कि कम समय का शटडाउन लिया जाए ताकि उपभोक्ताओं को कम परेशान होना पड़े।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

