रुड़की,18 जनवरी (आरएनएस)। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने थाना क्षेत्र में रविवार को सघन सत्यापन अभियान चलाकर बाहरी मजदूरों, किरायेदारों, रेहड़ी-पटरी और ठेली संचालकों तथा संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया। अभियान के दौरान सत्यापन न कराने वाले 12 मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 1.20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे जनपदीय सत्यापन अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने पांच सत्यापन टीमों का गठन किया। टीमों ने फैक्ट्रियों, किराये पर रहने वाले व्यक्तियों, घरेलू नौकरों और मजदूरी करने वाले श्रमिकों का सत्यापन किया। इसके साथ ही होटल-ढाबों में काम करने वाले कर्मचारियों और फड़-रेहड़ी संचालकों की भी गहन जांच की गई। अभियान के दौरान 112 बाहरी लोगों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने ठेकेदारों और मकान मालिकों को निर्धारित समय सीमा में अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों व किरायेदारों का सत्यापन कराने के सख्त निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि बिना सत्यापन बाहरी व्यक्तियों को रखने पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। टीम में एसआई राजीव उनियाल, एसआई नवीन, एसआई करुणा रौंकली, एसआई मनसा ध्यानी, एडीएसआई धनपाल, एडीएसआई कांता प्रसाद, एडीएसआई मनीष कवि आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

