देहरादून,18 जनवरी (आरएनएस)। पटेलनगर थाना क्षेत्र के पूजा विहार में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। पुलिस ने घायल युवक की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 15 जनवरी की रात करीब 9:30 बजे की है। मूल रूप से बिजनौर निवासी मोहित कुमार (31) वर्तमान में चंद्रबनी में रहते हैं। पूजा विहार में गेट के पास अपनी बाइक खड़ी कर किसी का इंतजार कर रहे थे। तभी रांग साइड से आए एक तेज वाहन ने उन्हें और उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हादसे में मोहित के सिर और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। राहगीरों ने उन्हें दून अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना में उनकी बाइक और मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इंस्पेक्टर पटेलनगर सीबीएस अधिकारी ने बताया कि शनिवार को मोहित की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

