रायपुर, 19 जनवरी (आरएनएस)।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलरामपुर के समीप हुई भीषण बस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इस दुखद घड़ी में राज्य सरकार पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दुर्घटना में मृत 10 व्यक्तियों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 5–5 लाख रुपये तथा घायल व्यक्तियों को 50–50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। यह राशि तत्काल राहत, बीमा अथवा अन्य मदों से मिलने वाली सहायता के अतिरिक्त होगी।
मुख्यमंत्री के इस मानवीय निर्णय के लिए आदिम जाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम ने आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया जाए और इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। साथ ही उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

