अल्मोड़ा,20 जनवरी (आरएनएस)। रानीखेत वन क्षेत्र के सौनी अनुभाग अंतर्गत तितालीखेत द्वितीय बीट के ग्राम गंगोडा और नैनीसेरा में भालू दिखाई देने की सूचना के बाद वन कर्मियों ने क्षेत्र में गश्त की। गश्त के दौरान वन कर्मियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। टीम ने भालू की संभावित गतिविधियों वाले इलाकों में पैदल गश्त भी की। वन विभाग के अनुसार निरीक्षण के दौरान मौके पर भालू की मौजूदगी के कोई ताजा निशान नहीं मिले। इसके बावजूद सुरक्षा की दृष्टि से ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है। वन कर्मियों ने बताया कि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को अकेले स्कूल या जंगल की ओर जाने से बचना चाहिए और समूह में निकलना अधिक सुरक्षित रहेगा। शाम के समय घरों के आसपास पर्याप्त रोशनी रखने और घरों के नजदीक आग जलाने की सलाह भी दी गई। साथ ही लोगों से कहा गया कि जैविक कूड़ा खुले में न फेंकें और अपने घरों के आसपास झाडिय़ों की कटाई कर क्षेत्र को साफ रखें, ताकि जंगली जानवरों की आवाजाही पर नजर रखी जा सके। गश्त टीम में वन दरोगा सौनी विपिन तोमर, वन बीट अधिकारी तितालीखेत प्रथम हिमानी, विमला वन बीट अधिकारी तितालीखेत द्वितीय, फायर वाचर सुजीत कुमार तथा वाहन चालक संजय रावत शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

