विकासनगर,22 जनवरी (आरएनएस)। चकराता-मसूरी मोटर मार्ग से जुड़ा माख्टी-पोखरी-अच्छेड़ मार्ग की हालत खराब है। सड़क पर जगह-जगह सुरक्षा दीवारें टूटी हुई हैं। कई जगह सड़क पर स्लाइड जोन बने हैं। जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। बरसात में इस मार्ग के जगह-जगह बंद होने के कारण लोगों ने परेशानी झेली थी। उम्मीद थी कि बरसात के बाद सड़क की मरम्मत हो जाएगी लेकिन आज भी हालत जस के तस हैं। लोनिवि का कहना है कि मार्ग सुधारीकरण का प्रस्ताव भेजा गया है। बजट स्वीकृत होते ही मरम्मत शुरू कर दी जाएगी। देहरादून जिले के जनजातीय क्षेत्र में सड़कों की हालत दयनीय है। क्षेत्र में दर्जनों सड़कें भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हैं। कई जगह विभागों ने मलबा तक नहीं हटाया है। इससे सड़कें संकरी हो गई हैं। वाहनों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग चकराता के अधीन माख्टी-पोखरी-अच्छेड़ पुल मोटर मार्ग इसका उदाहरण है। सड़क की देख-रेख का जिम्मा 2021 से लोनिवि चकराता के अधीन है। पीएमजीएसवाई कालसी द्वारा इस मोटर मार्ग को बनाया गया था। वर्ष 2021 मे मार्ग को लोक निर्माण विभाग चकराता को ट्रांसफर किया गया। बरसात के दिनों में मार्ग बंद होने से किसानों को नकदी फसलों को मंडियों तक पहुंचाने में घंटों इंतजार करना पड़ा। बरसात के बाद भी इस सड़क की हालत नहीं सुधरी है। सड़क पर कई जगह सुरक्षा दीवारें गिरी हैं। कई जगह लैंडस्लाइड जोन बने हुए हैं। कई जगहों पर गड्ढे बने हुए है। क्षेत्र के ग्रामीण मार्ग की दुर्दशा को लेकर जिलाधिकारी देहरादून को अवगत करा चुके है। इसके बावजूद मार्ग की हालत नहीं सुधरी। बता दें कि साढ़े चौदह किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग से क्षेत्र के 30 से 35 गांवों के लोग आवाजाही करते हैं। इनमें प्रमुख रूप से माख्टी, कुन्ना, डागूरा, बजऊ, रताड, टिपराड, घंडोई, दोऊ, बडोडा, मटियावा और दोहा झूसोऊ आदि शामिल हैं। मोटर मार्ग पर कई किलोमीटर तक डामर उखड़ गया है। मटियावा गांव निवासी सामाजिक कार्यकर्ता संजीव चौहान बताते है कि क्षेत्र के 35 गांवों को मुख्य मार्ग से जोडऩे वाले इस मोटर मार्ग की स्थिति से ग्रामीण परेशान हैं। कहा कि लोनिवि चकराता को मार्ग सुधारने को लेकर ग्रामीणों द्वारा कई बार मांग की गई है। सड़क के खस्ताहाल होने से दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है। —— मोटर मार्ग पीएमजीएसवाई कालसी से 2021 में लोक निर्माण विभाग चकराता को ट्रांसफर हुआ है। इस मोटर मार्ग की लंबाई 14.55 किलोमीटर है। इसके सुधारीकरण के लिए 454.16 लाख की डीपीआर तैयार की गई है। जल्द ही डीपीआर शासन को भेजी जाएगी। स्वीकृति मिलते ही मार्ग पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। विजय मोगा, अधिशासी अभियंता लोनिवि चकराता
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

