भोपाल 22 जनवरी (आरएनएस)। आरजीपीवी गल्र्स हॉस्टल गांधी नगर में बीटेक फस्र्ट ईयर की छात्रा ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। बताया जा रहा है कि हॉस्टल की एक महिला स्टाफ और छात्रा के बीच नोक-झोंक हुई थी। इसके बाद ये घटना हुई।
पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर मौजूद है। शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। छात्रा के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि परिजन और साथियों के डिटेल बयान और पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
एसआई कन्हैयालाल यादव ने बताया कि सव्याश्री मुनागला (19) धार जिले की रहने वाली थी। भोपाल के आरजीपीवी कॉलेज से बीटेक कम्प्यूटर साइंस एण्ड बिजनेस सिस्टम की पढ़ाई कर रही थी। वह कॉलेज कैंपस में ही बने गल्र्स हॉस्टल में रहती थी। बुधवार रात डिनर के बाद रूम में गई थी। आज दोपहर तक बाहर नहीं निकली तब साथी छात्राओं ने हॉस्टल स्टाफ को सूचना दी।
वार्डन चेक करने के लिए छात्रा के कमरे तक पहुंची। काफी आवाजें देने पर भी जब अंदर से जवाब नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गेट खुलवाया। अंदर छात्रा दुपट्?टे से बने फंदे पर लटकी हुई थी। पुलिस ने शव को नीचे उतारा और एफएसएल की टीम को मामले की सूचना दी गई।
वहीं, थाना प्रभारी विजेंद्र मर्सकोले ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो गेट खुला हुआ था। उसका लॉक टूटा था।
एफएसएल टीम ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन कमरे से सुसाइड नोट नहीं मिला। छात्रा के मोबाइल फोन और लैपटॉप को पुलिस ने कब्जे में लिया है, जिसकी जांच कराई जाएगी। पुलिस ने घटना की सूचना छात्रा के परिजनों को दी है। धार से आने पर उनकी मौजूदगी में बॉडी का पीएम कराया जाएगा। पुलिस पंचनामा कार्रवाई कर बॉडी को हमीदिया मर्चुरी भेजने की तैयारी में है।
वार्डन ने पुलिस को बताया कि छात्रा एक दिन की छुट्?टी लेकर गई थी। उसने घर जाने की बात कही थी। हालांकि, वह घर नहीं गई। लौटने के बाद उससे सामान्य पूछताछ की थी। बुधवार रात को उसका व्यवहार सामान्य था। उसकी साथी छात्रा 10 जनवरी से छुट्?टी पर चल रही है। इसी के चलते वो रूम में अकेली थी।
छात्रा के सहपाठी समीर शुक्ला ने बताया कि वार्डन मैडम ने युवक से बात करता देख सव्याश्री को फटकार लगाई थी। इस बात की चर्चा पूरे कॉलेज में थी। समीर का दावा है कि वार्डन ने इस बात की शिकायत सव्याश्री के घर में भी की थी। जिससे वह तनाव में आई और सुसाइड कर लिया।
हालांकि, थाना प्रभारी का कहना है कि युवक के साथ देखे जाने और वार्डन से विवाद की बात अब तक की जांच में सामने नहीं आए हैं। परिजन की मौजूदगी में डिटेल बयानों को दर्ज किया जाएगा।

