जम्मू-कश्मीर 23 Jan, (Rns) । जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बिलावर इलाके में सुरक्षाबलों ने आतंक के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की है। एक संयुक्त अभियान के दौरान पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक आतंकवादी को मार गिराया गया। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक विशेष टीम ने भारतीय सेना और सीआरपीएफ के सहयोग से अंजाम दी।
आईजीपी भीम सेन टूटी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आतंकी पिछले एक महीने से सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में था। इससे पहले 7 जनवरी और दिसंबर माह में हुई शुरुआती मुठभेड़ों के दौरान आतंकी सुरक्षा घेराबंदी से भागने में सफल रहा था।
आईजीपी के अनुसार, इस बार सुरक्षाबलों ने पूरी तरह योजनाबद्ध और सटीक रणनीति के तहत ऑपरेशन को अंजाम दिया, जिसमें आतंकी को ढेर कर दिया गया। ऑपरेशन के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।

