दतिया,24 जनवरी (आरएनएस)। सांसद संध्या राय की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी स्वाति पाठक द्वारा विभागीय कार्यों एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्रस्तुत की गई। उन्होंने राहवीर योजना, हिट एंड रन प्रकरणों तथा सरकार की कैशलेस उपचार योजना के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी देते हुए इनके प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रकाश डाला।
सांसद संध्या राय ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को प्राथमिकता देते हुए जिले के संवेदनशील मार्गों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिरुला, बड़ौनी तिराहा तथा दतिया-झांसी बायपास के पास साइनिज बोर्ड, रम्बल स्ट्रिप सहित अन्य सड़क सुरक्षा उपकरण शीघ्र लगाए जाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने एवं जागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल, कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े, पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा सहित अन्य जन प्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

