दतिया,24 जनवरी (आरएनएस)। भिंड-दतिया सांसद संध्या राय की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आज शनिवार को सम्पन्न हुई। बैठक में सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल, कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े, पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सांसद राय द्वारा विभिन्न विभागों के पालन प्रतिवेदन एवं संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, नगर पालिका, पशुपालन, खनिज, शिक्षा, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कितने मजरा-टोलों को सड़क से जोड़ा गया है, इसकी जानकारी लेते हुए सांसद ने जहां अभी तक कनेक्टिविटी नहीं है वहां सर्वे कर सूची तैयार कर अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सांसद राय ने पीएचई विभाग की जानकारी अपूर्ण पाए जाने पर पुन: पूर्ण विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए तथा जहां योजनाओं का उद्घाटन प्रस्तावित है, वहां जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान उपराय की आंगनवाड़ी में व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं पाए जाने पर सांसद ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने आंगनवाडिय़ों एवं स्कूलों का निरीक्षण कर नियमित जांच के निर्देश दिए। स्कूलों में भोजन विद्यालय में ही तैयार कराने, बच्चों का भोजन बाहर से न मंगाने तथा आंगनवाडिय़ों का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कैटेगरीवार आंगनवाडिय़ों की सूची उपलब्ध कराने को कहा।
सामाजिक न्याय विभाग को जिले में दिव्यांगजनों की श्रेणीवार जानकारी उपलब्ध कराने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि योजनाओं का लाभ केवल पात्र हितग्राहियों को ही मिले। खाद्य विभाग से खाद्यान्न वितरण की जानकारी ली गई।
सासंद राय ने आदिम जाति कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए पूर्ण हो चुके कार्यों की सूची तथा जिनका लोकार्पण प्रस्तावित है, उनमें जनप्रतिनिधियों को सम्मिलित कर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने नगर पालिका दतिया से पिछले दो वर्षों में कराई गई तालाबों की सफाई, सीता सागर। में स्वच्छता कार्यों सहित सभी कार्यों की लिखित जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने खनिज विभाग को अवैध खनन के विरुद्ध की गई कार्यवाही की पूर्ण जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग द्वारा मदरसों की जानकारी अपूर्ण देने पर कलेक्टर को संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश सांसद द्वारा दिए गए।
बैठक के दौरान उन्होंने भांडेर भ्रमण के दौरान आदिम जाति कल्याण विभाग के छात्रावास में व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों को न्यूनतम बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने आगामी भ्रमण में स्वयं निरीक्षण करने की बात कही।
सांसद ने प्रसादम योजना, गुर्जरा अभिलेख की कनेक्टिविटी, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों एवं अवैध कॉलोनियों पर की गई कार्यवाही की जानकारी ली।
सांसद संध्या राय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में किसी भी भूमि-पूजन अथवा लोकार्पण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। सभी विभागों को गंभीरता से कार्य करने एवं अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायक प्रदीप अग्रवाल ने जिले में समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिला स्तरीय हेल्पलाइन नंबर जारी करने का सुझाव दिया। राय ने उपराय क्षेत्र से संबंधित विषयों पर कलेक्टर को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

