रुड़की,25 जनवरी (आरएनएस)। झबरेड़ा-लखनौता मार्ग पर ग्राम कोटवाल आलमपुर के पास रविवार दोपहर गन्ने की खोई से भरी ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से बाइक सवार महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने महिला का शव सड़क पर रखकर करीब तीन घंटे तक जाम लगाए रखा, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जानकारी के अनुसार ग्राम नारसन निवासी 50 वर्षीय बालेश्वरी देवी अपने पुत्र कृष्ण और बेटी के साथ बाइक से झबरेड़ा आ रही थीं। कोटवाल आलमपुर के पास पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्राली का पहिया महिला के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा बेटा और साथ बैठी बेटी को मामूली चोट आईं हैं। घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्राली चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने महिला के शव को सड़क के बीच रखकर जाम लगा दिया और दिन के समय भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष अजय शाह का कहना है कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहरीर आने पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। ट्रैक्टर-ट्राली को थाना परिसर में खड़ा कर लिया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

