ऋषिकेश,25 जनवरी (आरएनएस)। डोईवाला ब्लॉक के ग्राम पंचायत रखवाल गांव में मंदिर निर्माण को लेकर उपजा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। कोड़सी मोटर मार्ग पर स्थित एक भूमि पर अतिक्रमण बताकर लोक निर्माण विभाग में की गई शिकायत ने ग्रामीणों के आक्रोश को भड़का दिया है। ग्रामीणों और वर्तमान ग्राम प्रधान का स्पष्ट कहना है कि जिस जमीन पर मंदिर का जीर्णोद्धार हो रहा है, वह पूरी तरह निजी ‘नाप भूमि’ है। ग्रामीणों के अनुसार, उक्त स्थान पर मंदिर वर्षों से स्थापित था, जो खाले (बरसाती नाले) में आई बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था। वर्तमान में ग्रामीण उसी पुराने मंदिर का जीर्णोद्धार कर रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधान द्वारा चुनावी रंजिश के चलते विकास कार्यों में बाधा डालने और गांव का माहौल बिगाडऩे के उद्देश्य से गलत शिकायत की गई है। विवाद बढऩे पर ग्राम प्रधान दीपक रावत ग्रामीणों के साथ पूर्व प्रधान दीपक चंद के आवास पर पहुंचे और झूठी शिकायत पर कड़ी नाराजगी जताई। प्रधान ने स्पष्ट किया कि निजी भूमि पर अपनी श्रद्धा से मंदिर बनाना किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं है। भवन स्वामी सरोज बाला, बृजेश, मुकेश और शकुंभरी देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि मंदिर पहले से अस्तित्व में था, जिसे केवल नया स्वरूप दिया जा रहा है। इसके बावजूद आपत्ति जताना दुर्भाग्यपूर्ण है। नरेंद्र तोमर, संजय रावत, देवेंद्र भट्ट, और सोहन सिंह राणा सहित दर्जनों ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि आपसी मतभेद भुलाकर गांव के सौहार्द को बनाए रखना चाहिए। उन्होंने सभी से मंदिर निर्माण में सहयोग की अपील की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

