रायपुर,26 जनवरी (आरएनएस)। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में गरिमामय राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। राज्यपाल रमेन डेका ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान देश की सुरक्षा, अनुशासन और एकता का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला। परेड में कुल 17 टुकड़ियों ने भाग लिया, जिनमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सहित उत्तर प्रदेश पुलिस की विशेष आमंत्रित टुकड़ी शामिल रही।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की पुरुष एवं महिला टुकड़ियां, छत्तीसगढ़ पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी के बालक एवं बालिका कैडेट्स ने भी परेड में सहभागिता निभाई। समारोह का विशेष आकर्षण पुलिस डॉग स्क्वायड रहा, जिसने दर्शकों का ध्यान खींचा।

कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा विभिन्न विषयों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर राज्यपाल ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों को सम्मानित भी किया।

