ग्वालियर 28 जनवरी (आरएनएस)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का पुणे के बारामती में एक विमान हादसे में निधन हो गया। अजित पवार जिस चार्टर्ड प्लेन में सवार थे, उस प्लेन को ग्वालियर की रहने वाली शांभवी पाठक उड़ा रही थी। शांभवी पाठक ग्वालियर की रहने वाली थी। उनका जन्म ग्वालियर में ही हुआ और उनका बचपन भी वहीं बीता। ग्वालियर में फिलहाल शांभवी की दादी मीरा पाठक रहती हैं।
जानकारी के मुताबिक, हादसे वाले दिन (बुधवार 28 जनवरी 2026) की सुबह 6:36 बजे शांभवी ने मुंबई से दादी मीरा पाठक को मैसेज किया। यह दिवंगत पायलट ने अपनी दादी को प्यार से दद्दा कहती थीं। शांभवी ने मैसेज में लिखा- गुड मॉर्निंग दद्दा। इसके बाद शांभवी इस फ्लाइट को ऑपरेट और असिस्ट करने के लिए रवाना हो गईं।
शांभवी पाठक के माता-पिता दिल्ली में रहते हैं। दादी मीरा पाठक ने बताया कि वह ग्वालियर के कमलाराजा अस्पताल में जन्मी और यहीं एयर फोर्स स्कूल में पढ़ाई लिखाई हुई और उसके बाद वह दिल्ली चली गई। अगस्त के महीने में शांभवी पाठक ग्वालियर आई थी। शांभवी पाठक के बारे में दादी ने बताया कि वह बेहद हंसमुख थी और हमेशा मुझसे बात करती रहती थी।
शांभवी पाठक के निधन की की सूचना मिलते ही उनके पड़ोसी भी उनकी दादी के पास पहुंच गए। पड़ोसी महिलाओं ने बताया कि वह बहुत चंचल स्वभाव की थी और वह जब ग्वालियर आई थी तो उनसे मिलना जुलना होता था और खूब बातें करती थी। आज उसकी निधन की सूचना मिलने से गम का माहौल है।
कैप्टन शांभवी पायलट-इन-कमांड थीं। प्राइमरी एजुकेशन एयर फोर्स बाल भारती स्कूल से हुई। मुंबई यूनिवर्सिटी से एयरोनॉटिक्स, एविएशन, एयरोस्पेस साइंस और टेक्नोलॉजी से बैचलर किया। इसके बाद न्यूजीलैंड चली गईं। वहां इंटरनेशनल कमर्शियल पायलट एकेडमी में ट्रेनिंग की।

