रायपुर, 16 जून (आरएनएस)। अभनपुर थाना क्षेत्र में बैंक मित्रों और च्वाइस सेंटर संचालकों से लाखों रुपये की लूट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, दो बाइक, चार मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने ग्राम सारखी और हसदा क्षेत्र में दो अलग-अलग लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। पहली घटना में बैंक ऑफ बड़ौदा के बैंक मित्र पोषण लाल साहू से करीब 2 लाख रुपये लूट लिए गए थे। पीडि़त बैंक से राशि लेकर घर लौट रहा था, तभी पुलिया के पास आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने चेहरे पर मिर्ची पाउडर फेंककर चाकू की नोक पर नकदी से भरा बैग और मोबाइल फोन लूट लिया।
इसके बाद आरोपियों ने हसदा क्षेत्र में च्वाइस सेंटर संचालक उमेन्द्र कुमार देवांगन को निशाना बनाया। बाइक सवार बदमाशों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और करीब 1.50 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
लगातार हुई इन वारदातों के बाद अभनपुर पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ देशबंधु नेताम ने बताया कि वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था। आर्थिक तंगी से परेशान होकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची और वारदातों को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में परमानंद साहू, टेकराम उर्फ टीकू धीवर, पिंटू उर्फ देशबंधु नेताम और योगी राज सोनवानी शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

