दुर्गं, 16 जून (आरएनएस)। दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.518 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, नगदी राशि, मोबाइल फोन और एक स्कूटी सहित लाखों रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 जून को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि शिवाला शिवधाम के पास स्थित खाली मैदान में दो व्यक्ति स्कूटी क्रमांक सीजी 07 सीटी 3666 में सफेद रंग की बोरी रखकर अवैध रूप से गांजा बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पुरानी भिलाई पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदेहियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक सफेद बोरी में रखे पॉलीथिन पैकेट से कुल 5.518 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 79 हजार 100 रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 4,200 रुपये नगद, एक कीपैड मोबाइल, एक ओप्पो रेनो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित देवांगन (23 वर्ष) निवासी दुर्गा मंदिर नदगईया पारा, खुर्सीपार तथा दश पासवान (18 वर्ष 01 माह) निवासी दुर्गा मंदिर नदगईया पारा, खुर्सीपार, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 317/2026 के तहत धारा 20(ख) एवं 27(क) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा का अवैध विक्रय कर रहे थे। यह कार्रवाई शिवाला शिवधाम के पास स्थित खाली मैदान, थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र में की गई।
इस सफल कार्रवाई में थाना पुरानी भिलाई पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने त्वरित सूचना संकलन, घेराबंदी और प्रभावी कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे एवं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि समाज को नशामुक्त बनाने में जनता का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

