० लाभार्थियों ने साझा किये अनुभव
सारंगढ़ बिलाईगढ़, 16 जून (आरएनएस)। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत पीएम स्वनिधि महोत्सव 2026 का आयोजन सारंगढ़ के मंडी प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, ज्योति लाल पटेल के द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम वर्षा बंसल, तहसीलदार प्रकाश पटेल, नगरपालिका सीएमओ ज्ञानपुंज कुलमित्र, विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारी, बैंक प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
महोत्सव में जिले के विभिन्न बैंकों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां हितग्राहियों को पीएम स्वनिधि योजना, बैंक ऋण, डिजिटल भुगतान एवं अन्य वित्तीय सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं जनप्रतिनिधियों ने बैंक स्टॉलों का निरीक्षण कर बैंक अधिकारियों से योजना के क्रियान्वयन एवं हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभों की जानकारी ली। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों को अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से जोडऩे तथा ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल बनाने के निर्देश दिए।
महोत्सव में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष हितग्राहियों ने भाग लिया और विभिन्न बैंकों के स्टॉलों में पहुंचकर योजना संबंधी जानकारी प्राप्त की। कई हितग्राहियों ने मौके पर ही ऋण संबंधी जानकारी लेकर आवेदन प्रक्रिया में रुचि दिखाई। इस अवसर पर योजना से लाभान्वित हितग्राही संतोष कुमार देवांगन, दीप नारायण देवांगन एवं फरीद अली ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत प्राप्त ऋण से उन्होंने अपना व्यवसाय शुरू किया और आज सफलतापूर्वक व्यापार संचालित कर रहे हैं। योजना से उनकी आय में वृद्धि हुई है तथा परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत रेहड़ी, ठेला एवं फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले छोटे व्यापारियों को बिना गारंटी कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराया जाता है। समय पर ऋण चुकाने पर हितग्राहियों को अधिक राशि का अगला ऋण, ब्याज सब्सिडी एवं डिजिटल लेन-देन पर प्रोत्साहन राशि का लाभ भी मिलता है। योजना का उद्देश्य छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाना है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

