डोंगरगढ़, 16 जून (आरएनएस)। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डोंगरगढ़ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से 3.837 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जप्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 15 जून 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भानपुरी में रहने वाला रमा शंकर वर्मा अपने खेत में बने कमरे में अवैध रूप से गांजा रखे हुए है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी संतोष जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिवत तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी रमा शंकर वर्मा (58 वर्ष) के कब्जे से 3.837 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ को जप्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 339/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
डोंगरगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

