हरिद्वार,05 फरवरी (आरएनएस)। महाराष्ट्र के दिवंगत पूर्व उप मुख्यमंत्री अजीत पवार की अस्थियां गंगा में विसर्जित की गईं। गुरुवार को वीआईपी घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अस्थि विसर्जन किया गया। राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गुरुवार को अस्थि कलश लेकर हरिद्वार पहुंचे। तीर्थ पुरोहित सुमित, अभिषेक और सचिन ने विधि-विधान से अस्थि संस्कार कराया। इस दौरान अजीत पवार के परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। धीरज शर्मा ने कहा कि महाराष्ट्र में ‘अजीत दादाÓ कहे जाने वाले अजीत पवार का निधन पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। इस अवसर पर पूर्व मेयर मनोज गर्ग, तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित, अंकित चौधरी, युवराज सिंह, बृजेश यादव, अमित नाथ, प्रशांत काले, नरेश रावत, गौरव शिंदे और विमल शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। प्रमुख नदियों में होगा अस्थि विसर्जन धीरज शर्मा ने कहा कि अजीत दादा केवल एक राज्य तक सीमित नहीं थे, बल्कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक उनकी विचारधारा को मानने वाले लोग हैं। कई लोग उनके अंतिम दर्शन नहीं कर सके, इसलिए परिजनों की सहमति से उनकी अस्थियों का विसर्जन प्रमुख पवित्र नदियों में किया जा रहा है। हरिद्वार में गंगा के अलावा काशी, नर्मदा, चिनाब और गोदावरी में भी अस्थि विसर्जन किया जाएगा। विमान हादसे की निष्पक्ष जांच की जाए धीरज शर्मा ने कहा कि अजीत पवार की मृत्यु विमान हादसे में हुई, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि देश को सच्चाई का पता चल सके। अजीत पवार ने ‘लाड़ली बहनÓ योजना जैसी महत्वपूर्ण पहल की थी। राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस की मांग है कि इस योजना का नाम अजीत पवार के नाम पर रखा जाए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

