रायपुर | 05 फरवरी 2026(आरएनएस) रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम ज़ोन में “संवाद से समाधान” अभियान के अंतर्गत पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता, बाल सुरक्षा, नशामुक्ति एवं यातायात नियमों को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर माता बिन्नी बाई सोनकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भाटागांव में छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक एवं सुरक्षा विषयों पर जागरूक किया गया।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम श्री संदीप पटेल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राहुल शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में एसीपी पुरानी बस्ती श्री देवांश सिंह राठौर एवं थाना प्रभारी पुरानी बस्ती श्री शीलादित्य सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन वित्तीय ठगी, सोशल मीडिया अपराध, फर्जी लोन ऐप, डिजिटल अरेस्ट जैसे नए साइबर फ्रॉड के तरीकों से अवगत कराते हुए सतर्कता बरतने की अपील की। साथ ही संदिग्ध लिंक, अनजान कॉल एवं APK फाइल डाउनलोड न करने की सलाह दी गई।
विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है, वहीं www.cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से स्वयं भी शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
इसके अतिरिक्त बाल सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं आपात स्थिति में उपयोगी हेल्पलाइन नंबर—1091 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने, महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार रखने एवं यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में सुरक्षा, संवेदनशीलता और साइबर साक्षरता को सुदृढ़ करना है।
विद्यालय प्रबंधन एवं विद्यार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

