रायपुर | 05 फरवरी 2026(आरएनएस) रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम ज़ोन में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुरानी बस्ती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने अवैध रूप से गांजा रखने और बिक्री की फिराक में खड़े एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3.270 किलोग्राम गांजा जप्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 63 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम ज़ोन संदीप पटेल (भा.पु.से.) द्वारा अन्य राज्यों से आने वाले सूखे नशे की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने तथा गांजा व नशीली दवाओं की अवैध खरीदी-बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 05 फरवरी 2026 को थाना पुरानी बस्ती पुलिस को सूचना मिली कि महाराजबंद तालाब के पास एक युवक गांजा लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद डीसीपी संदीप पटेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा, एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर एवं थाना प्रभारी पुरानी बस्ती के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर युवक को चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुजल पंसारी पिता विनोद पंसारी, उम्र 20 वर्ष, निवासी लीली चौक, पुरानी बस्ती रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद भूरे रंग के पिट्ठू बैग से 3.270 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
आरोपी से गांजा रखने एवं बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बरामद गांजा जप्त कर लिया।
इस मामले में थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 61/26, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।

