रायपुर 5 फरवरी 2026(आरएनएस) राजधानी रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र से एक अत्यंत गंभीर और चिंताजनक घटना सामने आई है। 4 फरवरी की रात एक 8 वर्षीय बच्ची के साथ अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तत्पर कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
प्रार्थी द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, उनकी 8 वर्षीय बेटी अपनी लगभग 11 वर्षीय सहेली के साथ तेलीबांधा चौक के पास खेल रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार का चालक वहां पहुंचा और दोनों बच्चियों को खाना खिलाने का झांसा देकर ललित महल की ओर ले गया। मौके पर आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से पीड़िता की सहेली को खाने का सामान लाने के बहाने पास ही उतार दिया और वाहन आगे बढ़ाकर मासूम बच्ची के साथ छेड़खानी करते हुए उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने पुलिस को अवगत कराया। तेलीबांधा थाने में अपहरण, बलात्कार एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई है।
जिसके अनुसार आरोपी की पहचान नवीन सोनी (21 वर्ष) निवासी सिलतरा के रूप में हुई है, जो एक ट्रेवल एजेंसी में ड्राइवर के तौर पर कार्यरत है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रगति पर है।
इस जघन्य घटना ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्रकरण की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर आरोपी के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

