रायपुर 6 फरवरी 2026(आरएनएस) रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से अभियान स्तर पर बहुआयामी कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कठोर कदम उठाए गए, वहीं संभावित शांति भंग करने वाले तत्वों को प्रतिबंधात्मक धाराओं में समय रहते नियंत्रित किया गया।

गश्त के दौरान भोला पान ठेला के पास की गई आकस्मिक चेकिंग में आजाद चौक निवासी आरोपी आयुष मिश्रा को चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, थाना सिटी कोतवाली के पुराने आर्म्स एक्ट प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे वीरभद्र नगर क्षेत्र के चाकूबाज आरोपी आबिद अली को माननीय न्यायालय द्वारा जारी स्थायी वारंट की तामील करते हुए गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई से फरार आरोपियों पर पुलिस की सतत निगरानी और प्रभावी कार्रवाई स्पष्ट हुई है।

इसके अतिरिक्त, थाना सिटी कोतवाली रायपुर में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत उन व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई, जिनसे सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका थी। इस क्रम में परमेश्वर चंदेल (22 वर्ष, निवासी सतनामी मोहल्ला कापाबस्ती, रायपुर), विक्की विश्वकर्मा (23 वर्ष, निवासी मड़वारानी रोड, सीतामढ़ी, जिला कोरबा) तथा अगस्त विभार (22 वर्ष, निवासी गांधी नगर, कालीबाड़ी, रायपुर) के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

इस समग्र अभियान के माध्यम से कोतवाली क्षेत्र सहित सेंट्रल जोन में यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अवैध हथियार, गुंडागर्दी और शांति भंग करने वाली गतिविधियों के प्रति रायपुर पुलिस की नीति शून्य सहनशीलता की है। आम नागरिकों की सुरक्षा, कानून के प्रति विश्वास और सार्वजनिक शांति बनाए रखने हेतु इस प्रकार के सघन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।


















