रायपुर, 06 फरवरी 2026 (आरएनएस) देश के विभिन्न राज्यों में ज्वेलरी शॉप और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में करोड़ों की चोरी को अंजाम देने वाला शातिर नकबजन लोकेश श्रीवास आखिरकार रायपुर पुलिस के हत्थे चढ़ गया । आरोपी आंध्रप्रदेश, उड़ीसा, दिल्ली सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस के मुताबिक, बिलासपुर जेल से रिहा होने के अगले ही दिन उसने रायपुर के सिविल लाइन और मौदहापारा थाना क्षेत्र में चार दुकानों के छत तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी शिव कुमार वर्मा ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पंडरी स्थित उसकी ‘लब-डब’ कपड़े की दुकान का छप्पर तोड़कर अज्ञात आरोपी ने गल्ले से 2.75 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। इसी दौरान पास की नोवा फर्नीचर दुकान और डिजाइनर सेनिटेशन एवं हार्डवेयर दुकान से भी नकदी चोरी की गई। तीनों दुकानों से कुल 7 लाख रुपये की चोरी होने पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 56/26 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व थाना सिविल लाइन की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर पीड़ितों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
तरीका-ए-वारदात से यह स्पष्ट हुआ कि सभी घटनाएं एक ही आरोपी द्वारा की गई हैं। हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के डाटाबेस से मिलान करने पर आरोपी की पहचान शातिर चोर लोकेश श्रीवास के रूप में हुई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया।
पूछताछ में आरोपी ने मौदहापारा थाना क्षेत्र के के.के. रोड स्थित जया ऑटो मोबाइल दुकान में चोरी करना भी कबूल किया, जिस पर थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 25/26 दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की नगदी 79,500 रुपये और दो मोबाइल फोन जप्त किए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार लोकेश श्रीवास आंध्रप्रदेश के विजयनगर में 6 किलो सोना, उड़ीसा में 500 ग्राम सोने के जेवरात, दिल्ली में 18.5 किलो सोना तथा छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव, दुर्ग, कबीरधाम, रायपुर और बिलासपुर में ज्वेलरी शॉप और शोरूम में करोड़ों की चोरी कर चुका है। प्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों में वह अब तक दो दर्जन से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है।
गिरफ्तार आरोपी – लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू, पिता कपिल श्रीवास, उम्र 35 वर्ष, निवासी कैलाश नगर, विवेकानंद स्कूल के पास, थाना कोतवाली, जिला कबीरधाम।


















