लखनऊ,07 फरवरी (आरएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि उसने देश के किसानों और खेती को गंभीर खतरे में डाल दिया है। अमेरिका के साथ की गई ट्रेड डील को उन्होंने किसानों, छोटे दुकानदारों और घरेलू उद्योगों के हितों के खिलाफ बताते हुए कहा कि यह डील नहीं बल्कि देश के बाजार को सौंपने की ढील है।अखिलेश यादव ने कहा कि देश की जनता भाजपा से पूछ रही है कि जहां तक आम समझ है, कोई भी डील एकतरफा नहीं होती। फिर यह कैसा समझौता है जिसमें ‘अठारह शून्य के बराबरÓ कर दिया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा की समझौता-गणित में 18 बराबर 0 होता है। उन्होंने कहा कि जनता जानना चाहती है कि इस तथाकथित डील से भारत को आखिर मिला क्या और देश ने खोया क्या।उन्होंने कहा कि किसानों, दुकानदारों और उद्योगों को बचाने के लिए भाजपा के पास खोखले शब्दों के अलावा कोई ठोस सुरक्षा-कवच या संरक्षण योजना नहीं है। भारत के हितों के आत्मसमर्पण के पीछे क्या मजबूरी है, यह सरकार को देश को बताना चाहिए। अखिलेश यादव ने सवाल किया कि क्या यह ‘बनी वहां, पहुंची यहांÓ जैसा कोई एकतरफा मामला है और क्या डील के नाम पर भाजपा सरकार सिर्फ डॉटेड लाइन पर हस्ताक्षर करने के लिए बाध्य है।अखिलेश यादव ने कहा कि यह समझौता नहीं, सीधा समर्पण है। भाजपा सरकार ने देश की करीब 70 प्रतिशत आबादी के हितों के साथ खिलवाड़ किया है और देश का बाजार अमेरिका को सौंप दिया है। इसका सीधा असर किसानों की आय, घरेलू उद्योगों और रोजग़ार पर पड़ेगा।
समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में पूरी तरह डूबी हुई है। हर स्तर पर भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया में फार्म-7 के जरिए हेराफेरी की जा रही है और पीडीए समाज, खासकर अल्पसंख्यकों के वोट काटने की साजिश रची जा रही है। भाजपा पीडीए के खिलाफ अन्याय और भेदभाव कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर जाने के बाद मंदिर धुलवाने जैसी मानसिकता समाज को बांटने का काम कर रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जेन-जी से घबरा गई है। युवाओं के लिए न नौकरी है, न रोजगार। उन्होंने सवाल किया कि ‘मेक इन इंडियाÓ और ‘मेकिंग इंडियाÓ कहां है। आज युवा हताश और निराश है।उन्होंने कहा कि भाजपा से सावधान और सतर्क रहने की जरूरत है। इस सरकार ने जनता को लगातार संकट में डाला है। महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जबकि सरकार बुनियादी समस्याओं के प्रति पूरी तरह उदासीन बनी हुई है। उत्तर प्रदेश में नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो सरकार गांजा नहीं पकड़ पा रही, वह मांझा क्या पकड़ेगी।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश के विकास को अवरुद्ध कर दिया है और प्रदेश को बर्बादी की ओर धकेल दिया है। जहां विकास की जरूरत होती है, वहां सरकार बुलडोजर लेकर पहुंच जाती है। मुख्यमंत्री को जैसे ही विकास का पता चलता है, वहां बुलडोजर पहुंच जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार प्रदेश और देश के भविष्य के लिए घातक है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

