लखनऊ,07 फरवरी (आरएनएस)। सरोजनी नगर क्षेत्र में भाजपा पोषित अवांछनीय तत्वों द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय की अपमानजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा किए जाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। इस घटना से आहत कांग्रेस जनों ने जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बबलू के नेतृत्व में दिनांक 03 फरवरी 2026 को लखनऊ के थाना हुसैनगंज पहुंचकर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस प्रशासन सत्ता के दबाव में कार्य कर रहा है और जानबूझकर एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही है।इसी अलोकतांत्रिक कृत्य से क्षुब्ध कांग्रेस कार्यकर्ता एक बार फिर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बबलू, शहर कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी एवं डॉ. शहजाद आलम के संयुक्त नेतृत्व में हुसैनगंज थाना पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस जनों ने थाने में मौजूद पुलिस अधिकारियों से न्यायोचित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि पुलिस को सत्ता के दबाव में काम करने के बजाय संविधान और कानून की मर्यादा का पालन करना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि किसी भी नागरिक का अपमान और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करना गंभीर अपराध है, जिस पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।कांग्रेस ने योगी सरकार पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान शासन में एफआईआर भी नियम और कानून के आधार पर नहीं, बल्कि सत्ता के दबाव में लिखी जा रही हैं, जो लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक संकेत है। नेताओं ने कहा कि यह स्थिति अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे आम जनता का कानून व्यवस्था से भरोसा टूट रहा है।इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बबलू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो कांग्रेस को न्यायालय की शरण में जाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी न्याय और सम्मान की लड़ाई को हर स्तर पर लड़ेगी।थाने पर हुई इस कार्रवाई के दौरान संजीव पाण्डेय एडवोकेट, प्रदीप सिंह एडवोकेट, अजय वर्मा, मनीष जायसवाल एडवोकेट, मो. नोमान, मो. जाहिद, फैजी जैदी, अब्दुल्ला शेर खान, तीर्थराज मिश्रा, शैलेन्द्र दीक्षित, आर.बी. सिंह, मो. महमूद एडवोकेट, राजकुमार, राम चन्दर राम, रफी अहमद, आकाश तिवारी एडवोकेट सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और अधिवक्ता उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

