नईदिल्ली,08 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 के तीसरे मैच में यूएसए क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज शेडली वैन शाल्कविक ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला ही 4 विकेट हॉल रहा है। उनकी इस गेंदबाजी के कारण ही भारतीय टीम को लगातार झटके लगे और वह और बड़ा स्कोर बनाने से चूक गई। ऐसे में आइए शाल्कविक की गेंदबाजी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।
शाल्कविक ने भारत को 45 रन के कुल स्कोर पर ईशान किशन (20) को आउट कर दूसरा झटका देते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद उनकी शानदार गेंदबाजी जारी रही और उसी ओवर में तिलक वर्मा (25) के साथ शिवम दुबे (0) को भी पवेलियन भेज दिया। आखिर में उन्होंने अर्शदीप सिंह (4) को भी अपना शिकार बनाया। इस तरह उन्होंने मैच में अपने कोटे के 4 ओवर में महज 25 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की।
शाल्कविक अब टी-20 विश्व कप में किसी पूर्ण सदस्य टीम के खिलाफ एक ओवर में 3 विकेट चटकाने वाले एसोसिएट देश के दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा यूएई क्रिकेट टीम के कार्तिक मेयप्पन ने टी-20 विश्व कप 2022 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ किया था। इसी तरह शाल्कविक का यह प्रदर्शन यूएसए के लिए टी-20 विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उन्होंने नोश्तुश केंजीगे (3/30 बनाम पाकिस्तान, 2024) को पीछे छोड़ दिया है।
शाल्कविक ने 2024 में कनाडा क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। वह अब तक 16 मैचों में गेंदबाजी करते हुए 24.68 की औसत और 9.26 की इकॉनमी से 19 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया है। इसी तरह उन्होंने 12 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 104 रन भी बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 18 रन का रहा है।
००

