आरंग 08 Feb, (Rns) । आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई। धान से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं तीसरी महिला गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी से जूझ रही है।
मृतकों की पहचान नंदकिशोर लोधी और कुंतीबाई लोधी के रूप में हुई है। घायल महिला राजकुमारी लोधी (नंदकिशोर की मां) को गंभीर अवस्था में रायपुर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुंतीबाई लोधी अपने रिश्तेदारों के साथ शादी समारोह में शामिल होने आरंग आई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे ग्राम गुल्लू निवासी नंदकिशोर लोधी और उसकी मां राजकुमारी लोधी के साथ बाइक से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान बजरंग केमिकल डिस्टलरी कंपनी के पास सामने से आ रहे धान से लदे ट्रक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। कुंतीबाई लोधी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नंदकिशोर और राजकुमारी लोधी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान नंदकिशोर लोधी ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मौके से फरार हो रहे ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

