लुधियाना ,08 फरवरी (आरएनएस)। शहर में मानवता को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। लुधियाना में 9 वर्षीय बच्चे की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। बच्चा बीते तीन दिनों से लापता था। शनिवार शाम उसका शव कासाबाद गांव के पास झाडिय़ों से बरामद हुआ। मृतक की पहचान अमन के रूप में हुई है।
इस दर्दनाक मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते शिकायत पर कार्रवाई होती, तो शायद बच्चे की जान बच सकती थी।
इलाके के बहाने भटकता रहा परिवार
बच्चे के लापता होने के बाद परिवार सबसे पहले सलेम टाबरी थाना पहुंचा, जहां उन्हें यह कहकर लौटा दिया गया कि मामला उनके क्षेत्र का नहीं है। इसके बाद परिवार बस्ती जोधेवाल, मेहरबान और लाडोवाल थानों के चक्कर काटता रहा, लेकिन हर जगह उन्हें एरिया हमारा नहीं कहकर टाल दिया गया। विडंबना यह रही कि जिस स्थान पर बाद में बच्चे का शव मिला, वह इलाका सलेम टाबरी थाने के अंतर्गत ही आता है।
घर के बाहर खेलते समय हुआ था लापता
मृतक की मां अनीषा ने बताया कि अमन 5 तारीख को घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। वह पतंग उड़ा रहा था। तीन दिन तक हम हर जगह ढूंढते रहे, थानों के चक्कर लगाते रहे। अगर पुलिस ने हमारी बात सुनी होती, तो आज मेरा बेटा जिंदा होता, उन्होंने रोते हुए कहा।
घर से महज 50 मीटर दूर मिला शव
अमन के मामा सूरज ने बताया कि बच्चा घर से सिर्फ 50 मीटर की दूरी पर खेल रहा था और उसका शव भी लगभग उतनी ही दूरी पर मिला। सुबह से तीन थानों में गए, लेकिन पुलिस इलाका-इलाका कहती रही। अगर उसी वक्त तलाश शुरू होती, तो शायद यह हत्या न होती, उन्होंने आरोप लगाया।
दादी का टूटा दिल: मेरा पोता मार दिया
बच्चे की दादी ने बताया कि उनके तीन पोते-पोतियां थे, जिनमें अमन इकलौता पोता था। हम थानों के चक्कर काटते रहे और किसी ने मेरे पोते को मार डाला, उन्होंने बिलखते हुए कहा।
धरने के बाद हरकत में आई पुलिस
मृतक के पिता अखिलेश ने बताया कि वे पिछले 15 वर्षों से लुधियाना में रह रहे हैं और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई के निवासी हैं। तीन दिन तक पुलिस के पास गए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। शनिवार को मजबूर होकर धरना दिया, तब पुलिस आई, उन्होंने कहा। अखिलेश के अनुसार, बच्चे का शव सबसे पहले उनके पिता ने देखा।
कानून व्यवस्था पर सवाल
इस घटना ने न केवल शहर की कानून व्यवस्था, बल्कि पुलिस की संवेदनशीलता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। मासूम की हत्या और शिकायत के बावजूद समय पर कार्रवाई न होना प्रशासन के लिए एक बड़ी चेतावनी है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

