नईदिल्ली,09 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 के 7वें मैच में स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम ने इटली क्रिकेट टीम को 73 रन से हराते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की। ईडन गार्डन स्टेडियम में हुए मुकाबले में स्कॉटलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 207/4 का स्कोर बनाया। जवाब में इटली की टीम 16.4 ओवर में 134 रन बनाकर सिमट गई। स्कॉटलैंड की यह इस टूर्नामेंट में पहली जीत है। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जॉर्ज मुन्से (84) और माइकल जोन्स (37) ने शतकीय साझेदारी करते हुए उम्दा शुरुआत दिलाई। इसके बाद ब्रैंडन मैकमुलन ने 18 गेंदों में नाबाद 41 रन बनाते हुए टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। जवाब में जस्टिन मोस्का (0) और एंथनी मोस्का (13) जल्दी आउट हुए। खराब शुरुआत के बाद संकट की घड़ी में हैरी मैनेंटी (37) और बेन मैनेंटी (52) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।
जॉर्ज मुन्से ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 14वां अर्धशतक लगाया। वह 54 गेंदों में 13 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 87 रन बनाकर आउट हुए। इस बीच वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में स्कॉटलैंड से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। उनके अब 83 मैचों की 81 पारियों में 31.64 की औसत और 144.44 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,405 रन बनाए। उन्होंने रनों के मामले में रिची बेरिंगटन (2,392) को पीछे छोड़ा।
स्कॉटलैंड के ऑलराउंडर माइकल लीस्क ने गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन किया। दाएं हाथ के इस ऑफ स्पिनर ने अपने 4 ओवर में 17 रन देते हुए 4 विकेट लिए, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन हो गया। उनके अब 76 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 20.65 की औसत से 55 विकेट हैं। वह टी-20 विश्व कप के एक मैच में 4 विकेट लेने वाले स्कॉटलैंड के सिर्फ दूसरे गेंदबाज बने।
लक्ष्य का पीछा करते हुए इटली ने जब 40 रन के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया, तब बेन मैनेंटी क्रीज पर आए। उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक लगाया। वह टी-20 विश्व कप के इतिहास में इटली की ओर से अर्धशतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने मैच में 31 गेंदों में 52 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 5 चौके और 1 छक्का लगाया।
ग्रुप-सी में मौजूद स्कॉटलैंड की यह 2 मैचों में पहली जीत है। अंक तालिका में स्कॉटलैंड की टीम फिलहाल दूसरे पायदान पर पहुंच गई है। वेस्टइंडीज की टीम इस ग्रुप से शीर्ष पर मौजूद है। कैरेबियाई टीम ने अपने इकलौते मैच में जीत दर्ज की है। इटली का यह पहला मुकाबला था, जिसमें उन्हें शिकस्त मिली है। ऐसे में इटली ग्रुप- सी में फिलहाल अंतिम 5वें पायदान पर हैं। नेपाल चौथे पायदान पर है।
००

