भोपाल 9 फरवरी (आरएनएस)। मध्य प्रदेश में आयोजित हुई शिक्षक भर्ती पात्रता परीक्षा में चयनित हुए अभ्यर्थी पद वृद्धि की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को प्रदेश भर के पात्र अभ्यार्थी भोपाल के चिनार पार्क में एकत्रित हुए और यहां उन्होंने पद वृद्धि के स्लोगन लिखी टोपी पहनकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान कुछ अभ्यर्थी अर्धनग्न अवस्था में अपना विरोध जताते हुए नजर आए तो कुछ ने इस मौके पर नाराजगी जाहिर करते हुए मार्कशीट को फाडऩे तक की चेतावनी दी। उनका साफ तौर पर कहना था कि मार्कशीट उनके लिए सिर्फ कागज का टुकड़ा बनकर रह गई है। इसके बाद अभ्यर्थियों ने चिनार पार्क से लोक शिक्षण संचनालय तक पदयात्रा की। इस दौरान रास्ते भर वह पद वृद्धि कर ज्वाइनिंग देने की मांग को लेकर नारेबाजी करते रहे।
अभ्यर्थियों ने बताया कि वह जायज मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे हैं। अपनी मांगों के चलते चौथी बार भोपाल आए हैं। हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है। जबकि कई ओवर एज होकर प्रक्रिया से बाहर होते जा रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना था कि माध्यमिक शिक्षक (वर्ग-2) और प्राथमिक शिक्षक (वर्ग-3) भर्ती में पदों की संख्या वास्तविक रिक्त पदों की तुलना में बेहद कम रखी गई है, जिससे बड़ी संख्या में योग्य अभ्यर्थी वंचित हो रहे हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में सिर्फ लगभग 13,000 पदों पर ही नियुक्ति की जा रही है, जो वास्तविक जरूरत से बहुत कम है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है, जिसके कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसलिए वे सरकार से यह मांग कर रहे हैं कि शिक्षक पदों की संख्या बढ़ाकर कम से कम 25 हजार की जाए, ताकि अधिक चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति मिल सके।
अभ्यर्थियों के अनुसार स्कूल शिक्षा विभाग के पास पहले से स्वीकृत हजारों पद खाली हैं, लेकिन भर्ती विज्ञापन में उन्हें शामिल नहीं किया गया। इस संबंध में अभ्यर्थियों ने शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपे और आंदोलन भी किए, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। अभ्यर्थियों ने सरकार से शिक्षक भर्ती 2025 में पदों की संख्या बढ़ाने और सभी रिक्त पदों को शामिल करने की मांग की है।
चिनार पार्क से लोक शिक्षण संचनालय पहुंचे अभ्यर्थियों ने वहां भी नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। उनकी मांग थी कि आयुक्त लोक शिक्षण संचनालय शिल्पा गुप्ता स्वयं नीचे आकर उनसे बात करें, लेकिन ऐसा नहीं होने से उनकी नाराजगी बढ़ गई। पुरुष अभ्यर्थियों के साथ बड़ी संख्या में युवतियां और महिलाओ ने गेट के सामने ही बैठकर धरना शुरू कर दिया।
इस दौरान पुलिस लगातार उन्हें समझाइश देती रही, लेकिन अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर खड़े रहे। इस दौरान कुछ अभ्यर्थियों की पुलिस से बहस भी हुई। लगातार प्रदर्शन करने के बाद उन्होंने पद वृद्धि को लेकर ज्ञापन दिया और डीपीआई से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुए। इस दौरान अभ्यार्थियों ने कहा कि वह मंगलवार को अंबेडकर मैदान में मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन करेंगे।


















