दुर्ग,11 फरवरी (आरएनएस)। युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, दुर्ग तथा संजय रूंगटा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के संयुक्त प्रयास से संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला 14 और 15 फरवरी 2026 को कोहका भिलाई स्थित संस्थान के आर-2 परिसर में आयोजित होगा।
मेले में निजी क्षेत्र के 20 से अधिक प्रतिष्ठित नियोक्ता भाग लेंगे। इन कंपनियों के माध्यम से 3,000 से ज्यादा रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती प्रक्रिया तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों प्रकार के पदों के लिए होगी।
इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, बीई, बीटेक, डिप्लोमा, आईटीआई, एमबीए सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यताधारी अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 10,000 रुपये से लेकर 45,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों का रोजगार कार्यालय में पंजीयन और रोजगार मेला पंजीयन दोनों अनिवार्य है। अभ्यर्थी राज्य के रोजगार पोर्टल या मोबाइल एप के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।
मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक मूल प्रमाण पत्र और अंकसूची, पहचान पत्र (आधार, मतदाता परिचय पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या राशन कार्ड), रोजगार कार्यालय पंजीयन दस्तावेज, छत्तीसगढ़ निवास प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र की छायाप्रति साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह आयोजन भिलाई सहित पूरे दुर्ग संभाग के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर साबित हो सकता है।
०००


















