भोपाल 9 फरवरी (आरएनएस)।महापौर मालती राय ने आगामी महाशिवरात्रि पर्व एवं शिव बारात चल समारोह के संबंध में की जा रही तैयारियों की समीक्षा नगर निगम, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों की उपस्थिति में की तथा शिव बारात चल समारोह मार्गों का निरीक्षण भी किया। महापौर राय ने महाशिवरात्रि पर्व एवं शिव बारात मार्गों पर सभी व्यवस्थाएं बेहतर से बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो। इस दौरान महापौर परिषद के सदस्य मनोज राठौर, जोन अध्यक्ष पूजा शर्मा व बृजुला सचान, पार्षद शैलेष साहू व प्रियंका मिश्रा, पुलिस उपायुक्त जोन 03 अभिनव चौकसे, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन 03 शालिनी दीक्षित, कार्यपालन यंत्री अनिल तटवाडे, आशीष श्रीवास्तव सहित नगर निगम, जिला एवं पुलिस प्रशासन तथा अन्य विभागों के अधिकारी, आयोजन समिति के पदाधिकारीगण तथा गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
महापौर मालती राय ने सोमवार को सोमवारा, सिंधी मार्केट स्थित बड़वाले महादेव मंदिर में आगामी 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं शिव बारात हेतु श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत नगर निगम, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन सहित अन्य विभागों द्वारा की जाने वाले कार्यों की समीक्षा की। महापौर राय ने बड़वाले महादेव मंदिर सहित अन्य स्थानों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, आवागमन के मार्गों का व्यवस्थिकरण, ट्रॉफिक एवं सुरक्षा आदि के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की और श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं बेहतर से बेहतर ढंग से समय से पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महापौर राय ने सोमवारा, सिंधी मार्केट, जनकपुरी, जुमेराती, हनुमानगंज, मंगलवारा, इतवारा, चिंतामन चौराहा, चौक, लखेरापुरा आदि का निरीक्षण किया। महापौर राय ने उक्त स्थलों पर शिव बारात हेतु मार्गों को और अधिक व्यवस्थित करने, सड़कों के गड्ढ़े भरने व समतलीकरण करने, पर्याप्त पेयजल, प्रकाश तथा बेहतर ढंग से साफ-सफाई करने और इन व्यवस्थाओं को कार्यक्रम समाप्ति तक निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए। महापौर राय ने निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रम स्थलों व मार्गों की निरंतर निगरानी करें और अतिक्रमण आदि भी न होने दें। राय ने निर्देशित किया सभी व्यवस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ इस प्रकार सुनिश्चित करें कि श्रद्धालुओं व आयोजकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


















