बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल की फिल्म बॉर्डर 2 काफी दिनों से अपना कब्जा जमाकर बैठी है। इसे टक्कर देने के लिए रानी मुखर्जी की फिल्म मर्दानी 3 आई, लेकिन उसकी कुर्सी को हिलाने में कामयाब नहीं हुई। वीकेंड पर अच्छी-खासी कमाई करने वाली बॉर्डर 2 को अपनी रिलीज के 18वें दिन बॉक्स ऑफिस पर भारी गिरावट का मुंह देखना पड़ा है। वहीं दूसरी ओर मर्दानी 3 का खेल भी खत्म होते दिखाई दिया है।
सैकनिल्क के मुताबिक, बॉर्डर 2 ने रिलीज के 18वें दिन, यानी सोमवार को 1.85 करोड़ रुपये कमाए हैं। यह कमाई के आंकड़े वीकेंड के मुकाबले बेहद कम हैं, क्योंकि इसने 16वें दिन 5.25 करोड़ और 17वें दिन 7.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। हालांकि, फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कुल 311.60 करोड़ रुपये कमाने में कामयाब हो गई है। फिल्म का क्रेज लोगों में बरकरार है जिसकी बदौलत इसने दुनियाभर में लगभग 426 करोड़ का कारोबार कर लिया है।
उधर यशराज फिल्म्स की लोकप्रिय फ्रैंचाइजी मर्दानी 3 को तगड़ा झटका लगा है। कारोबारी दिनों में लौटकर इसने 10वें दिन बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 1.15 करोड़ कमाए हैं, जिसके बाद फिल्म की कुल कमाई 37.05 करोड़ रुपये हुआ है। दूसरी ओर, संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की फिल्म वध 2 की कमाई लाखों रुपये में सिमट गई है। इसने अपनी रिलीज के चौथे दिन कुल 31 लाख रुपये का कारोबार किया जिसके बाद टोटल कमाई 2.66 करोड़ रुपये हुई है।


















