नईदिल्ली,10 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 के 10वें मैच में नीदरलैंड क्रिकेट टीम ने नामीबिया क्रिकेट टीम को 7 विकेट से हराया। अरुण जेटली स्टेडियम में हुए मुकाबले में नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 156/8 का स्कोर बनाया। जवाब में डच टीम ने बास डे लीडे की पारी (72*) की मदद से लक्ष्य हासिल किया। यह मौजूदा टूर्नामेंट में नीदरलैंड की पहली जीत है। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
नामीबिया को लौरेन स्टीनकैंप (6) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद जान फ्राइलिंक (30) और जान निकोल लोफ्टी-ईटन (42) ने उम्दा पारियां खेलते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में नीदरलैंड ने पावरप्ले तक 50/2 का स्कोर बनाया। इस बीच उनके दोनों सलामी बल्लेबाज आउट हुए। संकट की घड़ी में बास डी लीडे और कॉलिन एकरमैन (32) ने उपयोगी पारियां खेलते हुए जीत दिलाई।
लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड को जब 16 के स्कोर पर पहला झटका लगा, तब बास डी लीडे क्रीज पर आए। उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय का 5वां अर्धशतक लगाया। वह 48 गेंदों में 72 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में 5 चौके और 4 छक्के लगाए, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने कॉलिन एकरमैन के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी की। एकरमैन 32 रन बनाकर आउट हुए।
टी-20 विश्व कप 2026 में नीदरलैंड ने अपनी पहली जीत दर्ज की। डच टीम ने अब तक 2 मैच खेले हैं, जिसमें से 1 में जीत और 1 में ही हार मिली है। ग्रुप-ए की अंक तालिका में ये टीम फिलहाल दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। इस ग्रुप में भारतीय क्रिकेट टीम शीर्ष पर मौजूद है, जिसने अपने पहले मैच में यूएसए को हराया था। नामीबिया का यह पहला मुकाबला था, जिसमें उन्हें हार मिली थी।
यह टी-20 विश्व कप में नीदरलैंड की कुल 11वीं जीत है। इस टूर्नामेंट के इतिहास में नीदरलैंड सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली एसोसिएट टीम है। इसके बाद स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम ने 8 मुकाबले जीते हुए हैं। इसके बाद अफगानिस्तान क्रिकेट टीम और नामीबिया क्रिकेट टीम ने 5-5 जीत दर्ज की हुई है। इसी सूची में आयरलैंड क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप में कुल 3 मुकाबले जीते हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















