नईदिल्ली,10 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 के 9वें मैच में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने कनाडा क्रिकेट टीम को 57 रन से हराते हुए अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत की। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए मैच में प्रोटियाज टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 213/4 का स्कोर बनाया, जिसमें एडेन मार्करम का अर्धशतक (59) शामिल रहा। जवाब में कनाडा की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 156/8 का स्कोर ही बना सकी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
दक्षिण अफ्रीका से मार्करम और क्विंटन डिकॉक (25) ने पहले विकेट के लिए 70 रन जोड़े। इसके बाद रयान रिकेल्टन (33), डेविड मिलर (39*) और ट्रिस्टन स्टब्स (34*) ने मिलकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। जवाब में कनाडा से दिलप्रीत बाजवा (0) और युवराज समरा (12) के रूप में सलामी बल्लेबाज सस्ते में आउट हुए। इसके बाद नवनीत धालीवाल (64) और हर्ष ठाकर (32) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।
मार्करम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की, जिसकी बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने पावरप्ले में बिना कोई विकेट खोए 66 रन बनाए। उन्होंने कनाडा के गेंदबाजों के सामने 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 32 गेंदों पर 59 रन बनाकर आउट हुए। अपनी अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 10 चौके और एक छक्का लगाया। टी-20 विश्व कप के इतिहास में यह मार्करम के बल्ले से निकलने वाली चौथी 50+ रन की पारी रही।
पहला ओवर करने आए एनगिडी ने पहली ही गेंद पर विपक्षी कप्तान दिलप्रीत बाजवा (0) को आउट किया। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने अपने दूसरे ओवर में समरा (12) और निकोलस किर्टन (4) के विकेट लेते हुए कनाडाई टीम को बैकफुट में धकेल दिया। उन्होंने अपने आखिरी ओवर में हर्ष ठाकर (33) को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने अपने 4 ओवर में 31 रन देते हुए ये 4 विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
नवनीत धालीवाल ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 10वां अर्धशतक लगाया। वह 49 गेंदों पर 64 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 7 चौके और 1 छक्का लगाया। उन्होंने ठाकर के साथ 5वें विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी की। उन्होंने 46 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 33.18 की औसत और 129.33 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,261 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 70* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 10 अर्धशतक लगाए।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















