कवर्धा,10 फरवरी (आरएनएस)। कबीरधाम पुलिस के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे राजनांदगांव रेंज के नवपदस्थ आईजी बालाजी राव सोमवार ने जिला पुलिस कार्यालय में अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध रुझान, विवेचना की गुणवत्ता और समग्र पुलिसिंग व्यवस्था का गहन आकलन किया गया।
आईजी ने स्पष्ट कहा कि पुलिसिंग का मूल केंद्र आम जनता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यवहार संवेदनशील, संयमित और पेशेवर रहे ताकि नागरिक बिना भय के पुलिस से संपर्क कर सकें। जनविश्वास को पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए उसे बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
अनुशासन पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि वर्दी जिम्मेदारी और सेवा का प्रतीक है। ड्यूटी के दौरान सुसज्जित वर्दी, शालीन भाषा और मर्यादित आचरण अनिवार्य हैं। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या गैर-पेशेवर व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए नियमित पैदल व वाहन गश्त, बीट सिस्टम की निगरानी, रात्रि पेट्रोलिंग और थाना स्तर पर शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। हत्या, महिला व बाल अपराध, साइबर अपराध, नशा तस्करी और संगठित अपराध जैसे मामलों में मजबूत व निष्पक्ष विवेचना पर विशेष ध्यान देने को कहा।
आईजी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित करने और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी। भ्रष्टाचार, अपराधियों से सांठगांठ या कर्तव्य में शिथिलता पाए जाने पर किसी प्रकार की रियायत न देने की बात दोहराई।
साइबर अपराधों से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक के उपयोग और जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
आईजी ने अंत में कहा कि टीम भावना, अनुशासन और जनसेवा के भाव से कार्य करते हुए जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिस की विश्वसनीय छवि को और मजबूत किया जाए।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

