दुर्ग/भिलाइ,10 फरवरी (आरएनएस)। भिलाई के सेक्टर-8 क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक और रहस्यमय घटना सामने आई, जहाँ 50 वर्षीय महिला का जला हुआ शव उसके घर के बाथरूम से बरामद किया गया। मृतका की पहचान रंजना देवांगन के रूप में हुई है, जो बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने का कार्य करती थीं।जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4:20 बजे पड़ोसियों ने घर के अंदर से धुआं निकलते देखा और जलने की तीखी गंध महसूस की। संदेह होने पर उन्होंने तुरंत महिला के बेटे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाथरूम से जला हुआ शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से माचिस की तीलियां, ज्वलनशील पदार्थ और एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। हालांकि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला ने आत्महत्या की या किसी अन्य कारण से यह घटना हुई।पड़ोसियों का कहना है कि परिवार शिक्षित है और घर में किसी प्रकार के तनाव की जानकारी नहीं थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
०००


















