0 घोषणा पूरी होने पर नगर वासियों ने सीएम साय का जताया आभार….
जशपुरनगर, 11 फरवरी (आरएनएस)। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्थलगांव क्षेत्र को एक और बड़ी सौगात दी है।मुख्यमंत्री ने रेस्ट हाउस के उन्नयन कार्य के लिए 95 लाख 10 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस स्वीकृति से रेस्ट हाउस की बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा तथा आगंतुकों और अधिकारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पत्थलगांव के किलकिलेश्वर धाम के दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों की मांग पर रेस्ट हाउस के उन्नयन की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने अपनी घोषणा को पूरा करते हुए रेस्ट हाउस उन्नयन कार्य के लिए राशि स्वीकृत कर दी है।
रेस्ट हाउस के उन्नयन से क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं शासकीय कार्यों से जुड़े अधिकारियों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही इससे पत्थलगांव क्षेत्र में पर्यटन और विकास गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं का त्वरित क्रियान्वयन प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
0


















