कुशीनगर, 11 फरवरी (आरएनएस)। जनपद के विशुनपुरा, मंसाछापर स्थित नेहरू इंटरमीडिएट कॉलेज मे कक्षा 9, 11 के छात्र- छात्राओ द्वारा कक्षा 10 एवं 12 के विद्यार्थियों का मांगलिक, विदाई, प्रस्थान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भावनात्मक वातावरण, प्रेरणादायी उद्बोधनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर रहा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, संरक्षक शैलेन्द्र दत्त शुक्ल ने कहा कि आज का यह मांगलिक प्रस्थान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व की नई यात्रा का शुभारंभ है। विद्यालय से प्राप्त संस्कार आपके जीवन की दिशा निर्धारित करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए हनुमान इंटरमीडिएट कॉलेज पडरौना के प्रबंधक मनोज शर्मा ने कहा कि जीवन की प्रत्येक विदाई एक नई शुरुआत का संकेत होती है। अनुशासन, निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंकज दीक्षित ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आप सभी अपने लक्ष्य स्पष्ट रखें और कठिनाइयों से घबराए नहीं। संघर्ष ही व्यक्ति को परिपक्व और सफल बनाता है। विशिष्ट अतिथि मार्कण्डेय गौतम ने अपने शिक्षकीय अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन और विनम्रता का संदेश दिया। वही तरमपत कुमार चौबे ने कहा कि गुरुजनों का सम्मान और माता-पिता का आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूँजी है। प्रधानाचार्य साधुशरण पांडेय ने कहा कि विद्यालय केवल परीक्षा उत्तीर्ण करने का स्थान नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों को आत्मसात करने की पाठशाला है। आप सभी विद्यार्थी अपने आचरण, परिश्रम और संस्कारों से विद्यालय का नाम रोशन करें। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक जितेंद्र मणि ने किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अपने जूनियर्स का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय और गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। समारोह हर्ष, उत्साह और भावुकता वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रवक्ता संदीप सिंह, अवधेश चंद्र तिवारी, राकेश शुक्ल, राजेश पांडेय, विजय शंकर यादव, राजू मिश्र, सुनील पांडेय सहित समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















